
प्रिंस हैरी
– फोटो : ani
ख़बर सुनें
विस्तार
प्रिंस हैरी के जीवन से जुड़ी किताब की रिलीज की तारीख आखिरकार सामने आ गई है। प्रकाशन पेंगुइन रैंडम हाउस ने गुरुवार को प्रिंस हैरी के संस्मरण का आधिकारिक कवर पेज और शीर्षक का अनावरण किया।
साथ ही अपने ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी कि किताब 10 जनवरी 2023 में सबके सामने आएगी। बता दें कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की मृत्यु के कारण संस्मरण के अनावरण का कार्यक्रम टाल दिया था। ब्रिटेन पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली महारानी का निधन आठ सितंबर को हुआ था।
10 जनवरी, 2023 को लोगों के सामने आएगी किताब
हैरी की किताब के कवर पेज को साझा करते हुए पेंगुइन रैंडम हाउस ने लिखा कि हम प्रिंस हैरी, द ड्यूक ऑफ ससेक्स की व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से जुड़ी अच्छी कहानी की घोषणा करते हुए काफी उत्साहित हैं। साथ ही बताया कि इसका शीर्षक ‘स्पेयर’ होगा और यह 10 जनवरी, 2023 को लोगों के सामने आएगी।
अमेरिका और ब्रिटेन में एक साथ रिलीज होगी किताब
पेंगुइन रैंडम हाउस ने कहा कि वह इस किताब के जरिए वह दुनिया को हैरी की कहानी सच्चाई और ईमानदारी से बताएगा और ‘स्पेयर’ उत्तरी अमेरिका और ब्रिटेन में एक साथ रिलीज होगी। स्पेयर में प्रिंस हैरी के बचपन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक की कहानी बताई जाएगी। साथ ही संस्मरण में अफगानिस्तान में उनके सैन्य कर्तव्य के साथ-साथ मेघन मार्कल से शादी और बच्चों बेटे आर्ची (3) और बेटी लिलिबेट (1) के साथ रिश्ते के बारे में बताया जाएगा।
पत्नी और बच्चों के साथ एक आम जिंदगी जी रहे प्रिंस हैरी
प्रिंस हैरी एक शाही खानदान से होने के बावजूद वह कैलिफोर्निया में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ एक आम जिंदगी जी रहे हैं। वहीं उनसे जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री सीरीज पर भी काम किया जा रहा है जो नेटफ्लिक्स पर आएगी, जिसमें हैरी के शाही पद छोड़ कैलिफोर्निया में उनके जीवन को दर्शाया गया है। साथ ही उन्होंने एक बार बताया था कि वह अपनी आय से कुछ चैरिटी के लिए भी दान करते हैं।