
CM Eknath Shinde, Devendra Fadanvis
– फोटो : ANI
ख़बर सुनें
विस्तार
महाराष्ट्र सरकार इस विधानसभा सत्र में लोकायुक्त बिल लेकर आएगी। इसकी जानकारी महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दी। उन्होंने कहा कि आज कैबिनेट की बैठक में हमने अहम फैसले लिए हैं। हमने लोकपाल की तर्ज पर महाराष्ट्र में लोकायुक्त शुरू करने की अन्ना हजारे कमेटी की रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि सीएम और कैबिनेट को लोकायुक्त के दायरे में लाया जाएगा। भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम को इस कानून का हिस्सा बनाया जाएगा और लोकायुक्त में सेवानिवृत्त न्यायाधीशों सहित पांच लोगों की एक टीम होगी।
वहीं इस मामले पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि हम पूरी पारदर्शिता के साथ सरकार चलाएंगे। हम महाराष्ट्र को भ्रष्टाचार मुक्त बनाएंगे, इसलिए हमने राज्य में लोकायुक्त कानून लाने का फैसला किया है।
शिंदे सरकार को सदन में घेरेगा विपक्ष
महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार ने रविवार को कहा कि विपक्ष सोमवार से शुरू हो रहे विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली राज्य सरकार को कृषि संकट और राज्य के हाथ से निवेश परियोजनाएं निकलने के मुद्दे पर घेरेगा। विपक्ष ने आज शाम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा आयोजित की जाने वाली पारंपरिक चाय पार्टी का सर्वसम्मति से बहिष्कार करने का फैसला किया है। शिवाजी महाराज पर राज्यपाल बी.एस. कोश्यारी की टिप्पणी और कर्नाटक के साथ जारी सीमा विवाद जैसे अन्य मुद्दे भी शीतकालीन सत्र में हावी रहने की संभावना है।