12:28 PM, 20-Dec-2022
माफी की मांग पर खरगे ने भाजपा पर फिर बोला हमला
भाजपा ने जब माफी मांगने के लिए कहा तो खरगे ने कहा कि अगर मैं वही दोहराऊंगा जो मैंने बाहर कहा था तो उनके लिए मुश्किल हो जाएगी। माफी मांगने वाले लोग आजादी की लड़ाई लड़ने वाले लोगों से सवाल कर रहे हैं। मैंने कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपना बलिदान दिया। आप में से किसने इस देश की एकता के लिए अपनी जान दे दी?
12:03 PM, 20-Dec-2022
ये कांग्रेस बिलकुल नकली कांग्रेस: प्रह्लाद जोशी
संसदीय दल की बैठक पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि ये असली कांग्रेस नहीं है। जो स्वतंत्रता के लिए लड़े थे उनके परिवार के लोग सभी पार्टियों में हैं। ये कांग्रेस बिलकुल नकली कांग्रेस है।
12:01 PM, 20-Dec-2022
पीएम मोदी पर खरगे के बयान से हंगामा
खरगे के इस बयान पर हंगामा
राजस्थान के अलवर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमने देश को आजादी दिलाई और देश की एकता के लिए इंदिरा और राजीव गांधी ने अपनी जान की कुर्बानी दी। हमारे पार्टी के नेताओं ने अपनी जान दी, आपने क्या किया? आपके घर में किसी ने कोई कुर्बानी दी है?। उन्होंने आगे कहाकि, हम चीन के आक्रमण पर चर्चा चाहते हैं लेकिन सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है। वह बाहर शेर जैसी बात करते हैं लेकिन असल में वह चूहे की चाल चलते हैं। हम देश के साथ हैं लेकिन सरकार जानकारी छुपा रही है।
11:30 AM, 20-Dec-2022
संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने इंटरनेशनल मिलेट्स ईयर पर चर्चा की
संसदीय दल की बैठक पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने जानकारी देते हुए कहा कि पीएम मोदी ने बैठक में साल 2023 को इंटरनेशनल मिलेट्स(बाजरा) ईयर के रूप में मनाने पर जोर दिया। मिलेट्स से पोषण अभियान को बढ़ावा दे सकते हैं। लाखों लोग G-20 में आ रहे हैं, जहां भी संभव होगा हम खाने में उनके लिए मिलेट्स से बना कुछ खाना भी रखेंगे। PM मोदी ने मिलेट्स की गीत स्पर्धा, मिलेट्स की निबंध स्पर्धा, मिलेट्स पर स्कूल-कॉलेजों में चर्चा का आह्वान भी किया है, उन्होंने कहा है कि ये एक जन आंदोलन बनना चाहिए।
11:21 AM, 20-Dec-2022
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित, राज्यसभा में हंगामा जारी
लोकसभा में चीन के मुद्दे पर भारी हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। वहीं राज्यसभा में विपक्ष का हंगामा अभी भी जारी है।
10:18 AM, 20-Dec-2022
भाजपा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया
भाजपा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने आदिवासी आकांक्षी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की मांग को लेकर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया।
10:14 AM, 20-Dec-2022
भाजपा सांसद बृजलाल ने राज्यसभा में नोटिस दिया
भाजपा सांसद बृजलाल ने राज्यसभा में पंजाब में रॉकेट से चलने वाले ग्रेनेड से हमले की चिंता पर चर्चा के लिए शून्यकाल नोटिस दिया है।
10:14 AM, 20-Dec-2022
आप सांसद राघव चड्ढा ने सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया
आप सांसद राघव चड्ढा ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया है, ताकि बेअदबी की घटनाओं में दोषियों को सख्त सजा, जैसे आजीवन कारावास या कुछ और सख्त सजा सुनिश्चित करने के लिए कानूनों में संशोधन पर चर्चा की जा सके।
10:05 AM, 20-Dec-2022
भाजपा की संसदीय दल की बैठक जारी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेता इस बैठक में मौजूद हैं। बैठक में भाग लेने वाले प्रमुख पार्टी नेताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और वी मुरलीधरन शामिल हैं।
09:53 AM, 20-Dec-2022
Parliament Live: PM मोदी पर खरगे के बयान को लेकर BJP का हंगामा, कांग्रेस नेता का तंज- ये माफी मांगने वाले लोग
संसद के शीतकालीन सत्र का आज 10वां कार्य दिवस है। आज भी चीन के मुद्दे पर दोनों सदनों में हंगामे के आसार हैं। इसके अलावा आज विपक्षी सांसदों ने कई अलग-अलग मुद्दों पर राज्यसभा और लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। बता दें कि इस सत्र में केंद्र के एजेंडे में 16 नए बिल हैं। संसद से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ…